एकल खिड़की का डीएम, एसडीओ ने किया निरीक्षण
समस्तीपुर। आगामी विधानसभा चुनाव-2025 के दृष्टिगत कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र (संख्या-131) अंतर्गत एकल खिड़की केंद्र का निरीक्षण जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
निरीक्षण के क्रम में दोनों पदाधिकारियों ने एकल खिड़की केंद्र पर निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेखों के संधारण, सुरक्षा व्यवस्था तथा कर्मियों की उपस्थिति की जानकारी प्राप्त की। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नामांकन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हो। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाताओं एवं अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने संबंधित कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा प्रत्येक कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। समग्र रूप से निरीक्षण संतोषजनक पाया गया तथा आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
