आचार संहिता लागू, डीएम, एसपी ने मीडिया को दी चुनाव कार्यक्रम की जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आचार संहिता लागू, चुनाव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम ने दी जानकारी

समस्तीपुर। बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 की घोषणा के बाद सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया से बातचीत में उन्होंने चुनावी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और आचार संहिता पालन पर विस्तार से जानकारी दी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि चुनाव आचार संहिता का पालन सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए अनिवार्य है। पेड न्यूज, भ्रामक रिपोर्टिंग या अवैध प्रचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्रशासन इस पर कड़ी निगरानी रखेगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मीडिया का सहयोग मतदाता तक सही और पारदर्शी जानकारी पहुंचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की पूरी तैयारी हो चुकी है और मतदान प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और निष्पक्ष होगी।
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता है। चुनाव के दौरान हर केंद्र पर पुलिस और स्थानीय सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। संभावित अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए मोबाइल पेट्रोलिंग, सीसीटीवी निगरानी और तत्काल हस्तक्षेप की व्यवस्था की गई है। हमारी प्राथमिकता है, कि मतदान शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हो।
उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, ओएसडी अली एकराम, डीपीआरओ रजनीश कुमार राय सहित समस्तीपुर जिले के वरिष्ठ अधिकारी और कई मीडिया कर्मी भी मौजूद थे। जिला प्रशासन ने मीडिया से अपील की कि वे निर्वाचन संबंधी सही जानकारी जनता तक पहुंचाने में सहयोग करें और अफवाहों से बचाव सुनिश्चित करें, ताकि लोकतंत्र की इस प्रक्रिया में मतदाता पूरी भागीदारी निभा सकें।
इस दौरान, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम व पुलिस अधीक्षक ने समाहरणालय परिसर का निरीक्षण किया तथा परिसर में सरकारी योजनाओं और प्रचार के सभी बैनर और पोस्टर उतरवाए। अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन क्षेत्र में नियमों के खिलाफ किसी भी प्रकार के प्रचार को रोका जाए।

Leave a Comment