फोटो – Ðआरबी कॉलेज में इवीएम सेंटर का निरीक्षण करते डीएम व एसपी
* डीएम ने तैयारियों की बारीकी से की समीक्षा, स्ट्रांग रूम और पोलिंग पार्टी वितरण स्थल की सुरक्षा को बनाया प्राथमिकता
* दो विधानसभा क्षेत्र 134 उजियारपुर और 138 बिभूतिपुर के लिए कमिश्निंग एवं डिस्पैच कार्य सुचारू रूप से संचालित
समस्तीपुर, रविवार: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर दलसिंहसराय अनुमंडल में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने आर.बी. कॉलेज, दलसिंहसराय परिसर में स्थापित इवीएम कमिश्निंग एवं डिस्पैच सेंटर का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कमिश्निंग कार्य, स्ट्रांग रूम सुरक्षा, पोलिंग पार्टी वितरण स्थल और वहां मौजूद कर्मचारियों की तैयारी का पूरा जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि“हर पोलिंग पार्टी को अंधेरा होने से पहले अपने बूथ तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। मतदान से जुड़े हर कर्मी को सुविधा और सुरक्षा मिले, यही हमारी प्राथमिकता है।”डीएम ने बताया कि इस सेंटर से दो विधानसभा क्षेत्रों 134 उजियारपुर और 138 बिभूतिपुर के लिए इवीएम कमिश्निंग और डिस्पैच का काम किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा, लॉजिस्टिक और समयपालन की पूरी तैयारी दिखायी। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और सुरक्षा बलों की तैनाती चरणबद्ध ढंग से हो रही है। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
